अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर अब केंद्र सरकार दावा कर रही है कि फसलों के लागत मूल्योंं में 50 प्रतिशत रिटर्न की गारंटी सुनिश्चित करने के लिए 22 फसलों की एमएसपी बढ़ाया है। अगर ऐसा हुआ है तो किसानों को इसका लाभ क्यों नहीं मिल रहा। किसान जब अपना हक मांगने दिल्ली कूच कर रहा है तो हरियाणा सरकार ने प्रदेश को जंग का मैदान और जेल बनाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है, जो सत्ता की कुर्सी पर बैठा सकती है, वह सत्ता से बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है। सैलजा ने कहा कि एमएसपी की गारंटी देने का वादा कर मोदी सरकार ने दो साल तक किसानों को गुमराह किए रखा। जब किसान ने अपना हक मांगने के लिए दिल्ली कूच किया तो हरियाणा सरकार ने उन्हें रोकने के लिए सारी ताकत झोंक दी है।