जीरकपुर। पटियाला रोड पर एक कॉलोनी में जेनरेटर से बैटरी और सामान चोरी करते एक युवक को मालिक ने लोगों की मदद से रंगे हाथ पकड़ लिया। जीरकपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में एकेएस-1 कॉलोनी निवासी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वह जेनरेटर किराये पर देने का काम करता है। उसके पास 16 जेनरेटर हैं। 23 अप्रैल को उसके एक जेनरेटर से बैटरी चोरी हो गई थी। शनिवार सुबह करीब छह बजे वह जेनरेटरों की जांच के लिए निकला तो एक युवक ने जेनरेटर की बैटरी खोलकर अपने पास रखी हुई थी और अन्य सामान से छेड़छाड़ कर रहा था।
इंद्रजीत सिंह के अनुसार उसे देखकर आरोपी बैटरी, चाबियों का बैग और साइकिल छोड़कर भागने लगा, लेकिन लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शुभम सिंह निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश और हाल निवासी मौली जागरां, चंडीगढ़ बताई।
शिकायतकर्ता आरोपी को सामान सहित थाने ले गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 303(2) और 317(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी की अन्य वारदातों में भी आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।