चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में रविवार को किसी और की जगह हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (एचएसएससी) की परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में पहले तो आरोपी ने अपनी पहचान गलत बताई लेकिन सख्ती से पूछताछ पर उसने अपनी असल पहचान हिसार (हरियाणा) के गांव धन्ना कलां निवासी परमजीत सिंह के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी एनसीईआरटी विभाग, दिल्ली में क्लर्क के रूप में पदस्थ है। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने पंचकूला के एचएसएससी विभाग के डाटा एंट्री ऑपरेटर वैशाली कंबोज की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को जिला अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
इंडस्ट्रियल थाना पुलिस ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लॉट नंबर-181/12 में एचएसएससी की परीक्षा थी। डाटा एंट्री ऑपरेटर परीक्षार्थियों के दस्तावेज चेक कर रहीं थीं। तभी एक परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड पर फोटो देखकर उन्हें शक हुआ। प्राथमिक पूछताछ में परीक्षार्थी ने अपना नाम अंकित बताया। उसके बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर ने सुपरवाइजर निर्मल सिंह को मामले की जानकारी दी। साथ ही पुलिस को भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने जब परीक्षार्थी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह सोनीपत (हरियाणा) के गांव मोई हुड्डा निवासी अंकित के स्थान पर बैठकर पेपर दे रहा था। साथ ही उसने बताया कि वह दिल्ली में एनसीईआरटी विभाग में क्लर्क के रूप में कार्यरत है। दिल्ली की एक कोचिंग सेंटर में उसकी मुलाकात अशोक नाम के युवक से हुई थी। अशोक ने अपने दोस्त के भाई के स्थान पर उसे पेपर देने को कहा और इसके एवज में उसे एक लाख रुपये देने का भी वादा किया था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया। जहां से पूछताछ के लिए एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बायोमीट्रिक मशीन में नहीं पकड़ में आया आरोपी
परीक्षा हॉल में जाने से पहले बायोमीट्रिक मशीन में उपस्थिति लगानी होती है। परमजीत जब रविवार को अंकित के स्थान पर पेपर देने आया तो उसकी बायोमीट्रिक उपस्थिति कैसे दर्ज हो गई, इस बात की भी जानकारी पुलिस कर रही है। पुलिस को आशंका है कि अंकित भी मौके पर पहुंचा था। उसने बायोमीट्रिक मशीन पर उपस्थिति लगाई। उसके बाद किसी तरह परमजीत को परीक्षा सेंटर के अंदर भेज दिया। इसकी भी पुलिस पूछताछ कर रही है।