संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर के बस्ती बावा खेल एरिया में पड़ते दिलबाग नगर एक्सटेंशन में स्थित श्री शिवशक्ति मां बगलामुखी मंदिर में 5 मिनट में 4 लाख रुपये की नकदी व 6 लाख के गहनों लेकर चोर फरार हो गए। वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो ऐसा प्रतीत हुआ कि चोरी करने वाले को अंदर का पूरा भेद था। इसके चलते चोर को मंदिर में पड़ी नकदी और गहनों को चोरी करने के लिए सीधा तीसरी मंजिल पर गया और मात्र 5 मिनट में चोरी करने में कामयाब हो गए। चोरी किए गए सोने के गहनों में लक्ष्मी-नारायण भगवान के गहने, मां बगलामुखी, दुर्गा माता, कालका माता के शृंगार का सामान, माथे का टीका, झुमके शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के गहनों में मां धूमावती का 25 तोले का कमरबंद सहित अन्य गहनों संबंधी बताया गया है। कैमरे में कैद हुए चोर के बारे जानकारी जुटाने के लिए प्रबंधक कमेटी द्वारा अपने स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंदिर के प्रधान प्रवीण कत्याल सोनू ने बताया कि मंगलवार होने के चलते वह मंदिर में रहने वाले बाबा जी के साथ हनुमान जी को चोला चढ़ा रहे थे। इस दौरान चोर ने मंदिर की तीसरी मंजिल पर जाकर सामान चुरा लिया। मंदिर में एक महिला ने चोर को देखा और शोर मचाया। इस पर मंदिर के पंडित अखिलेश मिश्रा व मंदिर के बाबा जी चोर के पीछे दौड़े लेकिन चोर उनके हाथ नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया और मौके पर पहुंचे थाना बस्ती बावा खेल के एएसआई सुरजीत सिंह जांच में जुट गए।