व्हाट्सऐप ग्रुप पर धर्म को जोड़कर कोरोना संक्रमण की दहशत फैलाने वाले मैसेज भेजना महंगा पड़ गया। साइबर सेल ने ग्रुप मेंबर की शिकायत पर व्हाट्सऐप ग्रुप एडमिन, मेंबर और एक अन्य मामले में दो केसों में तीन लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 के तहत सेक्टर 34 और 17 थाने में मामला दर्ज करवाकर छानबीन में जुट गई है।
साइबर सेल को दी शिकायत में व्हाट्सऐप ग्रुप मेंबर ने बताया कि वह एक ग्रुप का सदस्य है। आरोप है कि ग्रुप के ही एक सदस्य ने कोरोना को धर्म विशेष के साथ जोड़ते हुए ग्रुप में मैसेज डालकर अफवाह फैलाने का काम किया है। इस मेंबर ने जानबूझकर लोगों को भड़काने और गुमराह करने के उद्देश्य से यह पोस्ट डाला है। शिकायत के आधार पर साइबर सेल ने सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में एडमिन और मेंबर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
वहीं, सेक्टर 34 थाना के अंतर्गत व्हाट्सऐप पर कोरोना से जोड़कर धार्मिक भावनाओं को भड़काने का दूसरा मामला सामने आया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके व्हाट्सऐप के नंबर पर एक व्यक्ति ने कोरोना को धर्म से जोड़ते हुए भड़काने वाला मैसेज भेजा है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि बीते शनिवार को फेसबुक पेज पर कोरोना धर्म से जोड़कर वीडियो अपलोड की गई थी।
शिकायत के आधार पर सारंगपुर और सेक्टर-3 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था।