चंडीगढ़। सेक्टर-9डी स्थित बूम बाक्स क्लब के बाउंसरों और कुछ युवकों के बीच मारपीट के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। बता दें कि बीते शुक्रवार की रात साढ़े 3 बजे हुई मारपीट के मामलेे में क्लब या फिर युवकों की ओर से कोई शिकायत नहीं दिए जाने पर खुद पुलिस शिकायतकर्ता है। वहीं, सोमवार को पुलिस ने घटनास्थल के नजदीक निजी बैैंक के शीशे में लगी गोली को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली ताकि फायरिंग का खुलासा हो सके लेकिन गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।
शुक्रवार की रात करीब साढ़े 3 बजे क्लब के बाहर बाउंसरों और युवकों में मारपीट, दो गाडि़यों के शीशे तोड़े जाने की घटना के साथ फायरिंग से घटनास्थल के नजदीक निजी बैंक के शीशे वाले दरवाजे पर गोली लगने जैसा निशान बना था। इसकी सच्चाई जानने के लिए सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगाली। वहीं, पुलिस इस मामले में क्लब के संचालक सहित बाउंसरों व अन्य को थाने बुलाकर पूछताछ भी कर चुकी है।