चंडीगढ़। सुखना झील के किनारे पानी में सोमवार सुबह एक युवती बेसुध मिली। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने युवती को पानी से बाहर निकालकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत युवती की पहचान शिवानी (24) निवासी चरण खेड़ा, तहसील अबोहर जिला फाजिल्का के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। युवती मोहाली के सेक्टर-61 में स्मॉल वंडर स्कूल के पास किराए पर रहती थी।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 6 बजे सैर करने आए एक व्यक्ति ने सुखना झील के किनारे पानी में एक युवती को पड़े देखा। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झील के किनारे पानी में पड़ी युवती कोे बाहर निकाला। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। इसकी खबर मिलते ही मृतका के परिजन व जानकार अस्पताल में पहुंचे और शव की शिनाख्त की।पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि शिवानी ने कुछ समय पहले एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी। वह सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रही थी। नौकरी नहीं मिलने से वह तनाव में थी। हालांकि, युवती के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने इत्तेफाकिया हादसे की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने से दम घुटना बताया गया है।