चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र फेज 1 की एक कंपनी के लेखा प्रबंधक की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। फेज 1 की युनिवर्सल कॉरपोरेशन लिमिटेड के लेखा प्रबंधक प्रेम चंद कटारिया मामले में शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने विकास नगर मौलीजागरां के सूरज कुमार, राम दरबार काॅलोनी के सूर्य प्रकाश शुक्ला, एयरफोर्स कॉलोनी सेक्टर 31 डी के मनोहर लाल और राम दरबार फेज 2 के सुमीत पर फंड की गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी की 1,01,23,000 रुपये की संपत्ति की धोखाधड़ी और इलेक्ट्रानिक रिकाॅर्ड के साथ भी छेड़छाड़ की गई है। मामले में एक ट्रेडिंग कंपनी के खिलाफ भी शिकायत दी गई थी।