चंडीगढ़। सेक्टर-38 स्थित विवेक हाईस्कूल में शुक्रवार को तीन दिवसीय विवेक हाई फिएस्टा के समापन पर समारोह का आयोजन किया गया। प्रतिभागी 22 स्कूलों में से ओवरऑल ट्रॉफी कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल ने जीती।
हालांकि प्रथम विजेता विवेक हाईस्कूल रहा। स्वयं मेजबान होने के नाते स्कूल ने प्रथम रनर अप स्थान प्राप्त करने वाले कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल को ट्रॉफी सौंपी। तीन दिन के कार्यक्रम में साइंस ड्रामा, एक साइंस क्विज, साइंस कैफे और साइंस फोटोग्राफी, इतिहास मेले में इतिहास प्रश्नोत्तरी और डाक टिकट डिजाइनिंग, अंग्रेजी प्रेरक भाषण, अंग्रेजी वाद-विवाद और नाटकीय व्याख्या प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
लेफ्टिनेंट जनरल कंवलजीत सिंह ढिल्लों समापन समारोह में मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रत्येक कार्यक्रम में व्यक्तिगत विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्कूल को समग्र ग्रैंड ट्रॉफी दी। प्रधानाचार्य रेणु पुरी ने कार्यक्रम के सफलतापूर्वक समाप्त होने पर खुशी जताई।