मनीमाजरा स्थित केनरा बैंक के एटीएम में कार्ड क्लोनिंग डिवाइस लगा रहे दो शातिर ठगों की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, तस्वीरें देखिए पहचानते हैं क्या आप। डिवाइस लगा रहे यह दोनों आरोपी पहले सेक्टर-35 और सेक्टर-17 के एटीएम में डिवाइस लगा रहे दो आरोपियों से अलग हैं।
ऐसे में अब पुलिस के पास चार आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज आ गई है। पुलिस का मानना है कि एटीएम में कार्ड क्लोनिंग डिवाइस लगाने वाला पूरा गिरोह ट्राइसिटी में सक्रिय है और यह दोनों भी उसकी गिरोह के सदस्य हो सकते हैं। हालांकि अब तक पुलिस इन सभी आरोपियों की पहचान नहीं कर सकी है।
सीसीटीवी फुटेज में सभी आरोपी विदेशी लग रहे हैं। हालांकि साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए मास्क भी लगाए हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और मामले की जांच जारी है।
केनरा बैंक के अधिकारियों ने बताया कि बीते 4 अगस्त को शातिर ठगों ने सेक्टर-35, 17 और मोहाली फेज-6 के एटीएम बूथ पर डिवाइस लगाई थी और सभी आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। अभी तक दो शातिर ठगों की ही फुटेज सामने आई थी लेकिन वीरवार को मनीमाजरा के एटीएम बूथ पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने पर तीसरे और चौथे आरोपी की फुटेज भी सामने आ गई।
फुटेज के मुताबिक मनीमाजरा में आरोपियोें ने तीन अगस्त की सुबह करीब 8 बजे कार्ड क्लोनिंग डिवाइस लगाई। फुटेज में एक आरोपी टोपी लगाए हुए है जबकि दूसरा आरोपी चश्मा लगाए हुए है।
पुलिस जारी कर चुकी है अलर्ट
कार्ड क्लोनिंग के मामले सामने आने पर पुलिस हरकत में आ गई है। ट्राइसिटी पुलिस अपने-अपने थानों के अंतर्गत सभी एटीएम की जांच कर रही है। इसके अलावा लोगों को भी जागरूक भी किया जा रहा है कि कोई संदिग्ध दिखे तो तुरंत नजदीकी पुलिस को जानकारी दें।