चंडीगढ़। चोरों का पुलिस से खौफ खत्म हो गया है। शुक्रवार को सेक्टर- 17 और सेक्टर- 26 में चोरों ने खड़ी दो कारों के शीशे तोड़कर सात लाख रुपये से अधिक नकदी, एक लैपटॉप और अन्य सामान उड़ा लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन अब तक कोई शिकंजे में नहीं आया है।
सेक्टर-17 में इनोवा का शीशा तोड़कर 6.50 लाख रुपये कैश गायब
न्यू चंडीगढ़ मोहाली के रहने वाले सुनील गौर ने सेक्टर 17 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किसी पर्सनल काम से सेक्टर-17 आए थे। उनके बैग में 6.5 लाख रुपये, आधार कार्ड और पैन कार्ड था। उन्होंने इसे इनोवा कार में रख दिया था। कार इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास खड़ी थी। काम निपटाकर लौटे तो देखा कि कार का छोटा शीशा टूटा हुआ था और कैश बैग गायब था। सुनील ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
सेक्टर 26 में विंडस्क्रीन तोड़कर लैपटॉप और 86 हजार रुपये चोरी
दूसरी घटना सेक्टर-26 मंडी क्षेत्र की है। ढकोली के रहने वाले अमित कुमार वहां सब्जी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्होंने एक होटल के पास पार्क की थी। उन्होंने अपना लैपटॉप बैग और 86,000 की नकदी कार की डिक्की में रखी थी। करीब दो बजे जब वह कार के पास लौटे तो विंड स्क्रीन टूटी मिली। डिक्की चेक की तो लैपटॉप बैग और कैश दोनों गायब थे। अमित कुमार के बयान पर सेक्टर- 26 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया हैै।