चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित नाइट फूड स्ट्रीट के पास खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर नकदी, आईफोन और बैग चोरी कर ले गए। घटना शुक्रवार देर रात की है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी विवेक सैनी ने बताया कि वह अपनी मारुति ब्रेजा कार को पीयू नाइट फूड स्ट्रीट के पास पार्क कर काम से गए थे। कुछ समय बाद लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर कार में रखे दो बैग, करीब 30 हजार रुपये नकद, आईफोन और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।