अगर आप घर के बाहर अपने कारों को पार्क करते हैं तो जरा संभलकर पार्किंग करें। चंडीगढ़ में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो पार्किंग में खड़ी कारों के पहियों को चोरी कर लेता है। यह गिरोह पिछले एक माह से लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस अब तक इनका सुराग नहीं लगा सकी है। हां, इतना जरूर है कि चंडीगढ़ की स्मार्ट पुलिस के आला अधिकारी गिरोह का जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रहे हैं।
पार्क के सामने से उड़ाए पहिए
बीते रविवार को एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया, जहां चोरों ने सेक्टर-48 स्थित पार्क आई-20 कार के चारों पहिये चोरी कर आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में रामचंद ने बताया कि वह सेक्टर-48 स्थित आशियाना इंक्लेव के मकान नंबर (2165) में परिवार समेत रहते हैं।
बीती रात वह आई-20 कार नंबर (सीएच01 बीवाई 8864) को घर के पास पार्क कर दिया था। अगली सुबह पता लगा कि किसी ने उनके कार के चारों पहियों पर हाथ साफ दिया। इसी शिकायत के आधार पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी 79 के तहत मामला दर्ज किया। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के एरिया में सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
आरोपी कार से देते हैं वारदात को अंजाम
सेक्टर-16 में चोरों ने सियाज कार के दो पहिये चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगाला तो मामला साफ हो गया। कार सवार दो से तीन युवक वारदातस्थत पर पहुंचे और कुछ ही समय में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि आरोपी स्विफ्ट कार से वारदात को अंजाम दिया।
‘चीते’ की पकड़ से बाहर हैं चोर
शहर के अलग अलग थाना पुलिस अपने अपने एरिया में गश्त करती है। इसके अलावा 60 पीसीआर 50 के करीब चीता स्कावड लगातार पेट्रोलिंग करती हैं। बावजूद इसके चोरों की पकड़ ढीली नहीं हो पा रही हैं।
महंगी कारों को बनाते हैं निशाना
ज्यादातर केसों में देखने को मिला है कि आरोपियों ने मंहगी कार को निशाना बनाया है। इन कारों के पहिये दस हजार से शुरू कर होकर बीस हजार के कीमत के होते हैं। यहां चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
ऐसे करें बचाव
1. वाहनों को वहां पार्क करें, जहां सीसीटीवी कैमरा हो।
2. अगर आपके घर में जगह है तो अंदर ही पार्क करें।
3. अंधेरे और सुनसान जगहों पर अपने वाहनों को पार्क करने से बचें।
4. अंजान व्यक्ति के कार को छूने पर सूचना पुलिस को दें।
5. घर से दूर वाहनों को पार्क करने से बचें।
केस नंबर एक
सेक्टर-16 में बीते 30 अक्तूबर की रात सियाज कार नंबर (सीएच01 बीयू 3316) के दो पहियों पर हाथ कर दिया। इस वारदात में पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा। इसमें कार सवार दो से तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था।
केस नंबर दो
दो नवंबर को गिरोह ने मनीमाजरा के एनएसी मकान नंबर (245/1) के पास पार्क होंडा सिटी कार नंबर (सीएच031 टी 1124) के चारों पहिये चोरी कर फरार हो गए थे। शिकायतकर्ता ने बताया था कि कार को खरीदे महज अभी आठ दिन हुए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया लेकिन मामला अभी तक अनसुलझा है।
केस नंबर तीन
सेक्टर-38बी में गिरोह ने 30 अक्तूबर को सियाज कार नंबर (सीएच01बीटी 0714) के दो पहियों को चोरी कर लिया। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने कार मलिक अनिल कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया।
केस नंबर चार
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-37डी निवासी संदीप कपूर ने बताया कि 8 अक्तूबर को उन्होंने अपनी सियाज कार नंबर (सीएच01बीक्यू 4859) घर के पास पार्क थी। अगली सुबह देखा तो कार के पहिये चोरी हुए थे।
पिछले कुछ समय कई ऐसे मामले सामने आए है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। आरोपियों का जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- चरणजीत सिंह विर्क (डीएसपी) पीआरओ, चंडीगढ़ पुलिस