मनीमाजरा। किशनगढ़ चौक पर शुक्रवार देर रात 12.30 बजे टैक्सी चालक को तमंचा दिखाकर तीन युवक कार लूटकर फरार हो गए। आईटी पार्क थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने टैक्सी को मनीमाजरा के एक प्राइवेट स्कूल की पार्किंग के पास से बरामद कर लिया है। क्राइम ब्रांच टैक्सी लूटने के आरोपियों की तलाश कर रही है। टैक्सी चालक मनोज कुमार से पूछताछ जारी है। क्राइम ब्रांच शनिवार को दिनभर चालक को लेकर सादे कपड़े में टैक्सी बरामद होने वाली जगह पर मुस्तैद रही।
शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे मनीमाजरा निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि वह टैक्सी लेकर घर लौट रहा था। वह मॉडर्न कांप्लेक्स के गेट नंबर तीन के पास पहुंचा तो तीन युवकों ने उसे रोका और आईटी पार्क की ओर पंचकूला में पड़ने वाले शराब के ठेके के लिए टैक्सी को हायर किया, जिसके बाद वह उन्हें लेकर शास्त्री नगर से होते आईटी पार्क जा रहा था, परंतु जैसे ही वह शास्त्री नगर की लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो एक युवक ने उसके सिर पर तमंचा तान दिया और कार रोकने को कहा। इसी बीच पीछे बैठे युवक ने टैक्सी चालक मनोज के सिर पर किसी भारी चीज से मारकर घायल कर दिया। इसके बाद उसे बाहर फेंककर टैक्सी लेकर तीनों फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।