चंडीगढ़। हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर स्लिप रोड के पास से क्राइम ब्रांच टीम ने एक युवक को 50 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-23डी निवासी एकांत कुमार उर्फ बिल्ले (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि पकड़ा गए नशे की कीमत तीन लाख रुपये है। इससे पहले आरोपी को वर्ष 2016 में क्राइम ब्रांच टीम ने सेक्टर-22 स्थित मग्गू ट्रांसपोर्ट के पास से 5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मंगलवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच के डीएसपी राजीव कुमार अंबास्ता के आदेश पर इंस्पेक्टर रंजीत सिंह के अगुवाई में सब इंस्पेक्टर सुमेर सिंह बीते सोमवार को टीम के साथ हल्लोमाजरा की तरफ पेट्रोलिंग कर रहे थे। टीम पोल्ट्री फार्म चौक से हल्लोमाजरा लाइट प्वांइट स्लिप रोड की तरफ जा रही थी। तभी सामने से आ रहा युवक पुलिस टीम को देखकर अपनी पैंट की जेब से एक पॉलिथीन बैग को निकालकर फेंकना चाहा, लेकिन पेट्रोलिंग टीम ने उसे वहीं धर दबोचा। पुलिस ने जब उस बैग को चेक किया तो उसमें से 50 ग्राम हेरोइन का नशा बरामद हुआ। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने उसके खिलाफ सेक्टर-31 थाने में एनडीपीएस एक्ट (21) के तहत केस दर्ज करवाया। वहीं पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से 1200 रुपये प्रति ग्राम हेरोइन खरीदकर शहर के अलग-अलग हिस्सों में 4 से 4500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से सप्लाई करता था। आरोपी 12वीं तक पढ़ा लिखा है और कार रिपेयर का काम करता है। आरोपी के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में भी एनडीपीएस एक्ट-21 के तहत केस दर्ज किया गया था।
पहले भी पकड़ा जा चुका है नशा
बता दें कि क्राइम ब्रांच ने करीब 8 दिन पहले धनास के स्मॉल फ्लैट्स निवासी बरिन्द्र को 80 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा था। इसकी कीमत करीब 4.80 लाख रुपये आंकी गई थी। क्राइम ब्रांच का कहना है कि शहर में ड्रग्स की तस्करी करने वालों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने एक स्पेशल मुहिम चलाई है और यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।