पटियाला के परशुराम चौक में बुधवार रात स्कार्पियो चालक ने रेड लाइट जंप करके एक्टिवा में टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार एक युवती उछल कर दस फुट दूर जा गिरी। इस हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा चला रहा उसका भाई भी बुरी तरह से घायल हो गया।
वारदात बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने नाका लगाकर गुरूद्वारा दुखनिवारण साहिब के नजदीक गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लाहौरी गेट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई सतवीर सिंह ने बताया कि पारसस मग्गू निवासी गुरू नानक नगर अपनी बहन ज्योत्सना मग्गू (23) के साथ एक्टिवा पर सरहंदी गेट की तरफ से विकास कालोनी की ओर जा रहा था। परशुराम चौक पर जैसे ही वह लाइट क्रास करने लगा, तो राजपुरा साइड से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार के चालक ने रेड लाइट जंप करते हुए एक्टिवा में टक्कर मारी।
इस हादसे में ज्योत्सना मग्गू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई बुरी तरह से घायल हो गया। जिसकी हालत अब स्थिर है। जांच अधिकारी के मुताबिक मरने वाली ज्योत्सना मग्गू बीटेक करने के बाद नौकरी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी जोबनजीत सिंह पटियाला के मजीठिया एन्क्लेव का रहने वाला है और वह पटवारी का बेटा है।