मोहाली। गांव नगियारी में पेशाब करने सड़क पर आए एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस कारण युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सोहाना थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता काशी राम हाल वासी गांव नगियारी ने पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े बेटे धरमिंदर और छोटे बेटे के साथ सड़क बनाने का काम करते हैं। उन्हें ठेकेदार ने नगियारी में एक दुकान किराए पर लेकर दे रखी है। वह वहीं पर रहते हैं। 20 अगस्त को उनका बेटा धरमिंदर रात को पेशाब आने पर उठकर बाहर चला गया। इस दौरान उन्हें बाहर से एक जोरदार टकराने की आवाज आई। आवाज सुनकर वे बाहर देखने गए तो उन्होंने देखा कि उनका बेटा सड़क पर खून से लथपथ गिरा पड़ा है। इस दौरान उन्होंने मौके से एक कार सवार को भागते देखा लेकिन अंधेरा होने के कारण वह उसका नंबर नहीं पढ़ सके। उन्हें शक है कि शायद उसी कार सवार ने उनके बेटे को टक्कर मारी होगी।
वहीं, बेटे को सड़क पर खून से लथपथ देखकर उन्होंने छोटे बेटे और साथ रह रहे अन्य व्यक्ति को उठाया और उसे फेज-6 स्थित अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंदर ही शौचालय होता तो नहीं होता हादसा
सूत्रों ने बताया कि जिस दुकान में मृतक धरमिंदर और उसका परिवार रह रहा था। वहां अंदर शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। अगर वहां पर शौचालय की व्यवस्था होती तो शायद यह हादसा नहीं होता।