रोपड़। गांव भ्योरा में बुधवार देर रात एक कार भाखड़ा नहर में गिर गई जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक को नहर से जिंदा निकाल लिया गया है। मृतक की पहचान मनीमाजरा के किले के पिछली तरफ मकान नंबर 1965/1 में रहने वाले अमरजीत सिंह, उनकी पत्नी गुरमीत कौर और बेटी अमनदीप कौर के तौर पर हुई है। हादसे में उनका बेटा अंकुश बाल-बाल बच गया है। अमरजीत सिंह मनीमाजरा रतन स्वीट्स के नाम से केटरिंग की दुकान चलाते थे।
बुधवार देर रात हुए हादसे में बचे अंकुश ने बताया कि उनके पिता अमरजीत सिंह ने कार चलाते समय गलत गेयर लगा दी जिससे हादसा हो गया। उसने बताया कि पिता उन्हें भाखड़ा नहर पर माथा टिकवाने ले गए थे। उधर हादसे के समय मौके पर मौजूद गोताखोर सुरेश ने बताया कि बुधवार रात नहर से निकलने के बाद अंकुश ने बताया था कि घर में पैसे के कारण उनके पिता परेशानी में थे। उन्होंने खुद गाड़ी नहर में गिरा दी। हादसे के सही कारणों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है।
उनका कहना है कि बुधवार रात काफी तलाश की गई लेकिन कार का पता नहीं चल पाया। वीरवार सुबह गोताखोरों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद कार को ढूंढ निकाला। जबकि उधर थाना सिंह के एसएचओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। खुद गाड़ी गिराने वाली बात भी उनके पास आई है। मामले की जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।