चंडीगढ़। सेक्टर-7/8 चौक (मध्य मार्ग) के पास एक तेज रफ्तार वरना कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की जांच में पता चला कि चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया था। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने कार कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने कार नंबर की डिटेल खंगालकर जीरकपुर निवासी कार मालिक को थाने आने को कहा है।
हादसा रविवार देर रात करीब 1.30 बजे का है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-7/8 चौक (मध्य मार्ग) पर एक पंजाब नंबर की वरना कार डिवाइडर से भिड़ी है। सूचना पर सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस जांच में वरना कार में कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के अस्पतालों का रिकार्ड भी खंगाला। पुलिस जांच में सामने आया कि कार जीरकपुर निवासी आशीष के नाम पर है। इसके बाद पुलिस ने उसे थाने में बुलवाया। वहीं पुलिस का कहना है कि कार कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। मालिक के आने पर ही हादसे की असल वजह पता चल सकेगी।