चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित सब्जी मंडी में 16 अगस्त को महिंद्रा पिक-अप चालक से चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूटपाट करने वाले दोनों आरोपियों को सोमवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके जेल भेज दिया। पंचकूला के सेक्टर-17 राजीव कॉलोनी निवासी दोनों आरोपी बिजेंद्र और भरत एक-एक दिन के पुलिस रिमांड पर थे। वहीं अन्य दो आरोपियों की पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में संजीव कुमार ने बताया था कि वह मूल रूप से हरियाणा कुरुक्षेत्र स्थित तहसील लाडवा के गांव बन का रहने वाला है। वह सब्जी लोडिंग का काम करता है। सुबह करीब 5 बजे वह अपनी महिंद्रा पिकअप में सो रहा था। इस दौरान चार युवक चाकू दिखाकर उसका मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। शिकायत पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन शर्मा के नेतृत्व में सब्जी मंडी के पास गश्त कर रहे हवलदार बलराम शर्मा ने उक्त चारों आरोपियों का पीछा करके कुछ दूर जाकर दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि दो भागने में कामयाब हो गए थे। आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल, 500 रुपये और चाकू बरामद हुआ था।