चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर जा रहे ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आती कार बेकाबू होकर ट्रक में घुस गई।
जिससे कार चालक के बगल वाली सीट पर बैठ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार चालक को गंभीर हालत में चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक जीरकपुर की किसी निजी फर्म में नौकरी करता था।
पुलिस के मुताबिक जीरकपुर के गांव गाजीपुर निवासी सुरेश सैनी, लालड़ू के गांव टिवाना निवासी हरमेश सिंह के साथ आल्टो कार से डेराबस्सी से जीरकपुर की ओर जा रहा था।
रात के करीब साढ़े बारह बजे जब वह मुख्य मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर पहुंचे, तो उनकी कार के आगे जा रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे कार असंतुलित होकर ट्रक के पीछे घुस गई। हादसे में चालक के साथ वाली सीट पर बैठे हरमेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरेश सैनी गंभीर जख्मी हो गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को पुलिस की मदद से कार से बाहर निकाला। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर जाम लग गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। रात होने के कारण कोई भी अंधेरे में उसका नंबर भी नहीं नोट कर सका। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।