पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ किया कि पार्टी टिकट के लिए आवेदन देने वालों में से ही प्रत्याशियों का चयन होगा। अंतिम क्षण में कोई मामूली फेरबदल की संभावना हो सकती है। बुधवार को यहां हलके विच कैप्टन समागम में भाग लेने के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर किसानों का सरकारी व गैर सरकारी कर्ज माफ किया जाएगा।
सरकारी कर्ज चाहे सहकारी बैंकों का हो अथवा राष्ट्रीय बैंकों का हो। किसान अगले पांच माह तक आत्महत्या नहीं करें। पंजाब में रहते 55 लाख परिवारों के हरेक सदस्य को नौकरी देने का लक्ष्य कांग्रेस तय करेगी। निजी सेक्टर में नौकरी देने का प्रावधान किया जाएगा। ट्राइटेंड कंपनी ने बरनाला में स्थापित प्लांट के तीन गुणा ज्यादा क्षमता वाला कारखाना मध्यप्रदेश में लगा दिया और वहां 36 हजार लोगों को रोजगार मिला है। बादल सरकार के नजदीकी भी सरकार की नीतियों से तंग हैं। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात किया जाए।
चुनाव आयोग भी पंजाब में ऐसे ही हालात देख रहा है। पंजाब में गुंडागर्दी का राज है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस का मुकाबला किसी भी विरोधी दल के साथ नहीं क्योंकि पंजाब की जनता की एकमात्र उम्मीद कांग्रेस है। शिक्षा व सेहत पर खास ध्यान दिया जाएगा और स्टाफ की कमी को हर हाल में पूरा किया जाएगा। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को शत प्रतिशत लागू किया जाएगा जबकि अकाली दल ने दस साल में बीस फीसदी भी पूरा नहीं किया है।