उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार परनीत कौर की चुनावी कमान संभाले कैप्टन अमरिंदर सिंह को टक्कर देने के लिए खुद मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल मैदान में उतरेंगे।
अकाली उम्मीदवार भगवान दास जुनेजा के हक में बादल 13 से 16 अगस्त तक पटियाला में डेरा जमाएंगे। 13 और 16 अगस्त को सीएम पांच चुनावी कार्यक्रम करेंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस राज्यस्तरीय समागम में भी बादल आएंगे।
कांग्रेस उम्मीदवार परनीत कौर की लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद अब पार्टी पटियाला उपचुनाव में हार नहीं चाहती। इसलिए खुद कैप्टन अमरिंदर ने परनीत कौर के चुनाव की कमान संभाल ली है। कैप्टन को टक्कर देने के लिए अकाली दल की तरफ से अब सीएम मोर्चा संभालेंगे।
बादल 13 अगस्त को शहर में दो चुनावी प्रोग्रामों को संबोधित करेंगे। पहला कार्यक्रम माडल टाउन मार्केट और दूसरा घास मंडी इलाके में होगा। इसके बाद 15 अगस्त को मुख्यमंत्री पटियाला में तिरंगा फहराने के बाद लोगों को संबोधित करेंगे। 16 अगस्त को सीएम शहर में तीन चुनावी प्रोग्राम करेंगे।
पहला प्रोग्राम दोपहर को बार काउंसिल रूम में होगा। शाम को अरना-बरना चौक में सार्वजनिक बैठक होगी और इसके बाद महावीर मंदिर के पास पुरानी सब्जी मंडी में प्रोग्राम को संबोधित करेंगे। कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने बताया कि तीन दिन सीएम अकाली उम्मीदवार जुनेजा के हक में प्रचार करेंगे। वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा और मुख्य संसदीय सचिव एनके शर्मा खुद इन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।