सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सहयोग मांगा है। वहीं हिमाचल, जम्मू की तरह विशेष पैकेज देने को भी कहा। दरअसल, सीएम ने पाकिस्तान और नेपाल को पंजाब की सरप्लस बिजली बेचने के लिए अनुमति देकर पीएम नरेंद्र मोदी का सहयोग मांगा है।
कैप्टन ने पीएम से मांग की कि हिमाचल और जेएंडके का विशेष पैकेज न बढ़ाया जाए। अगर इन्हें पैकेज दिया जाता है तो पंजाब को भी दिया जाए। सीएम ने वीरवार को प्रधानमंत्री से उनके निवास पर मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की।
कैप्टन ने राज्य में खेती को लाभप्रद बनाने के लिए केंद्र से सहायता की मांग की, ताकि कम कीमत भुगतान के विधि विधान को दुरुस्त करके धान की जगह किसानों को दूसरी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
करीब एक घंटे चली बैठक के बाद सीएम के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने बताया कि अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री के समक्ष सीमांत इलाकों केकिसानों की समस्याएं उठाईं। इन किसानों को ज्यादा मुआवजा देने की मांग की ताकि सीमा प्रबंधन को प्रभावशाली बनाया जा सके।