पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस को कोई नहीं हरा सकता, केवल कांग्रेसी ही कांग्रेस को हरा सकते हैं। कैप्टन ने कांग्रेसियों को एकजुटता और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। कैप्टन शुक्रवार को पक्खोवाल रिसॉर्ट में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कैप्टन ने चेतावनी दी कि पार्टी में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए आगामी चुनाव में पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरना है।
कैप्टन ने भरोसा दिलाया कि पार्टी में हर वर्कर को पूरा सम्मान दिया जाएगा, चुनाव में बेहतरीन कार्य करने वाले वर्कर को ही सरकार आने पर बोर्ड और निगमों में चेयरमैन बनाया जाएगा। इस दौरान कैप्टन ने पंजाब से नशा चार सप्ताह में खत्म करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर नशे के मुद्दे पर बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ जांच सही नहीं हुई तो कांग्रेस सत्ता में आने पर इसकी फिर से जांच करा सकती है।
उन्होंने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग मेरे बच्चे हैं, लेकिन सीएम प्रकाश सिंह बादल का बच्चा सुखबीर ही है। इसलिए सारे पंजाब में लूट मचा कर अपना घर भरा जा रहा है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं, लेकिन बादल को अपनी और अपनी सियासत की पड़ी है। कृषि मंत्री तोता सिंह ने ऐसी दवा दी कि सारे पंजाब का चिट्टा सोना (कपास) ही तबाह कर दिया। आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर शराब पर तीन रुपये सेस लगा कर बुढ़ापा पेंशन, शगुन समेत सामाजिक स्कीमों के तहत अदायगी वक्त पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस शिक्षा और सेहत पर होगा। दलितों के लिए मुफ्त बिजली की सीमा 300 यूनिट प्रति माह की जाएगी। यह सुविधा मुस्लिम एवं क्रिश्चियन इत्यादि अल्पसंख्यकों को भी मिलेगी। कैप्टन ने कहा कि चुनाव घोषणा पत्र में पंजाब की जनता की आवाज को शामिल किया जाएगा। अब तक 16 जिलों में कार्यकर्ताओं से बातचीत की है। काफी सुझाव आए हैं। इस अवसर पर सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, साधु सिंह धर्मसोत, मलकीत सिंह दाखा, जस्सी खंगूड़ा, गुरचरण सिंह, पवन दीवान और गुरदीप सिंह भैणी समेत कई नेता मौजूद रहे।