रैली को संबोधित करते कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : Amar ujala
किसान मोर्चा के शहीद भूपिंदर सिंह के पैतृक गांव ईसड़ू में सोमवार को कांग्रेस की तरफ से राज्य स्तरीय कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के आप में शामिल होने की चर्चाओं पर कहा कि नवजोत सिद्धू कोई रब नी, जो कहू हो जाऊ वह अकेला कुछ नहीं कर सकते।
कैप्टन ने आम आदमी पार्टी को पंजाब का सबसे बड़ा दुश्मन करार देते हुए कहा कि केजरीवाल ने पंजाबियत को खत्म करने की शपथ ली हुई है इसलिए वह पंजाब की सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने पंजाब में बढ़ते नशों के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेसियों पर दर्ज सभी झूठे केस रद्द होंगे।
कैप्टन ने कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों का पूरा कर्ज माफ करने और पंजाब में हर जरूरतमंद परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का एलान किया। बुढ़ापा, विकलांग व विधवा पेंशन दो हजार रुपये प्रति महीना करने और शगुन स्कीम रकम 51 हजार रुपये करने का एलान भी किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद का नाश किया। आम आदमी पार्टी पंजाब में फिर से आतंकवाद लाना चाहती है। कैप्टन ने सरकार बनने पर खन्ना को पहल के आधार पर जिला बनाने और पहले साल में ही ईसड़ू के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की ग्रांट देने का एलान किया।