पंजाब में नई सरकार बने करीब 20 दिन ही बीते हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री 10 से 12 अप्रैल तक मुंबई में अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान देश के बड़े औद्योगिक घरानों से मुलाकात कर पंजाब में निवेश के लिए प्रोत्साहित करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार कैप्टन अमरिंदर सिंह मुंबई में अदानी ब्रदर्स, अंबानी बंधुओं, महिंद्रा एंड महिंद्रा, गोदरेज उद्योग समूह के मालिकों समेत करीब 15 बड़े उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे।
पंजाब सरकार के सामने सबसे बड़ी मुश्किल, खाली खजाना और कर्ज में डूबा प्रदेश है। हाल में कैश क्रेेडिट लिमिट (सीसीएल) व टैक्स में राज्य के हिस्से के पैसे और ओवरड्राफ्ट के दौरान केंद्र सरकार के पंजाब के प्रति रुख को भी सरकार ने भांप लिया है। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल का कहना है कि प्रदेश को कर्ज से उबारने का एकमात्र उपाय निवेश को प्रोत्साहित करना है। पंजाब की नई औद्योगिक नीति 30 अप्रैल तक आने की संभावना है।
पंजाब की पिछली अकाली-भाजपा सरकार के दौरान सूबे में इनवेस्ट समिट का आयोजन किया गया था, जिसके बाद तत्कालीन डिप्टी सीएम सुखबीर बादल दुबई के दौरे पर भी गए थे, लेकिन सूबे में निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास सफल नहीं रहा।
जापान ने जताई पंजाब में निवेश की इच्छा
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : File Photo
बता दें कि दो दिन पहले ही अदानी ब्रदर्स ने कैप्टन अमरिंदर से मुलाकात भी की थी। इसमें सकारात्मक नतीजे की उम्मीद जगते ही कैप्टन ने मुंबई में उद्योगपतियों से मिलने का फैसला किया है। प्रदेश में कोई समिट आयोजित करने से पहले सीएम ने उद्योगपतियों से मिलने का फैसला किया है। कैप्टन के साथ वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के भी मुंबई जाने की संभावना है।
जापान ने जताई पंजाब में निवेश की इच्छा
कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए यह अच्छा संकेत है कि पंजाब में उनकी सरकार का गठन होते ही जापान जैसे देश ने सूबे में निवेश में दिलचस्पी दिखाई है। जापान की मित्सुबिशी कंपनी के प्रबंधकीय निदेशक के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बीते सप्ताह दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात की और पंजाब में निवेश और इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्रों में साझेदारी में दिलचस्पी दिखाई।
हालांकि कैप्टन अमरिंदर और जापान के राजदूत केंजी हिरामतशु, मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लि. के प्रबंधकीय निदेशक कंजूनोरी कोनिशी के बीच हुई बैठक को दोनो पक्षों ने प्रारंभिक बैठक बताया, लेकिन बैठक में मित्सुबिशी ने मुख्यमंत्री के समक्ष विद्युत, स्मार्ट सिटी (आटोमेटेड गाइड-वे ट्रांजिस्ट), औद्योगिक पार्क और कैपटिव पावर प्लांट लगाने के प्रस्ताव रखे।