सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इच्छा जताई है कि पाकिस्तान से लौट रहे विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान के भारत में स्वागत का मौका उन्हें दिया जाए। कैप्टन ने इस संबंध में ट्वीट कर पीएम नरेंद्र मोदी से अपील की है। सीएम ने मोदी को संबोधित करते हुए ट्वीट किया कि वह इस समय पंजाब के सीमांत इलाकों का दौरा कर रहे हैं। अभी वह अमृतसर में हैं।
अभी उन्हें पता चला है कि पाक सरकार ने विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को वाघा बॉर्डर के जरिए भारत भेजने का फैसला किया है। वाघा सीमा पर जाकर अभिनंदन को रिसीव करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। क्योंकि अभिनंदन और उनके पिता एनडीए के पूर्व छात्र हैं, जैसे कि वह खुद हैं। इससे पहले कैप्टन ने पाक पीएम इमरान खान द्वारा अभिनंदन को भारत भेजने के एलान का भी स्वागत किया था।
उन्होंने कहा था कि वह सद्भावना के तौर पर भारतीय वायुसेना के पायलट को रिहा करने के इमरान खान के एलान का स्वागत करते हैं। इससे सरहद पर तनाव घटने में मदद मिलेगी। सीएम ने कहा था कि पाक समर्थित आतंकियों द्वारा पुलवामा में किए गए कायरतापूर्ण हमले ने भारत सरकार को जवाबी कार्रवाई के लिए मजबूर किया था।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सरहद पर शांति लौट आएगी। इससे पहले सीएम ने भारत सरकार से अपील की थी कि अभिनंदन की सकुशल वापसी के लिए प्रयास करें। गौरतलब है कि बुधवार को पाक सीमा में मिग विमान क्रैश होने के बाद पाक सेना ने अभिनंदन को गिरफ्तार किया था।