कैप्टन अमरिंदर सिंह की मंत्रियों के साथ बैठक
- फोटो : ANI
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को साझे मंच में और प्रदेश सरकार की मदद को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) तक पहुंच करने के लिए मंत्रियों के समूह (जीओएम) को कहा है।
प्रकाश पर्व को मनाने वाली कार्यकारी कमेटी की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्यार, शांति, सद्भावना और भाईचारे के संदेश की तर्ज पर इस महान समारोह को मनाने के लिए एसजीपीसी और अन्य धार्मिक संगठनों की भागीदारी में उत्सुकता दिखाई है।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक समारोह को असरदार ढंग से आयोजित करने के लिए खुले दिल से समर्थन, सहयोग और मार्गदर्शन करने के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार और एसजीपीसी के प्रधान को औपचारिक न्योता देने के लिए भी मंत्रियों के समूह को कहा है।
गौरतलब है कि पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, मेडिकल शिक्षा मंत्री ओपी सोनी और सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा पर आधारित मंत्रियों के समूह का पहले ही गठन किया हुआ है।
इसको श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व से संबंधित विकास प्रोजेक्टों और स्कीमों की प्रगति पर रोजमर्रा के आधार पर जायजा लेने का कार्य सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने एसजीपीसी के नुमाइंदों के साथ विचार विमर्श करके 10 दिन (5 नवंबर से 15 नवंबर, 2019) के प्रोग्राम को अंतिम रूप देने के लिए मंत्रियों के समूह को कहा है।