पंजाब के पूर्व सीएम व सांसद कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि पंजाब में बॉर्डर पर सनसनी फैलाना राजनीतिक साजिश का एक हिस्सा था। इसका तानाबाना भाजपा ने बुनकर सीएम बादल को आगे कर पंजाब बॉर्डर से सटे गांवों को खाली करवाना शुरू कर दिया ताकि यूपी में हिंदू मतदाताओं का रुझान भाजपा की तरफ हो जाए।
ताकि इसका पूरा फायदा यूपी व पंजाब में होने वाले चुनाव में भाजपा को मिल सके। कैप्टन शनिवार को पूर्व फौजियों की एक सभा को संबोधित करने आए थे। कैप्टन ने कहा कि उन्होंने खुद 1965 की जंग लड़ी है। उनको पता है कि बॉर्डर पर क्या हालात होते हैं और सेना कैसे युद्ध करती है।
वह पिछले दिनों खुद बॉर्डर पर गए थे। वहां पर तो आर्म्ड फोर्स की मूवमेंट तक नहीं है। युद्ध के हालात ऐसे नहीं होते। यह सारा खेल है। रातो रात बार्डर एरिया में दहशत फैला दी गई और गांवों को खाली करवाना शुरू कर दिया गया। लोग डरकर अपना घर, पशु व फसल छोड़कर भागने लगे लेकिन बॉर्डर पर ऐसी कोई बात नहीं थी।