गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संघर्षशील महीनों में अमन-शांति आपके (किसान) लोकतांत्रिक संघर्ष की मिसाल बनी रही और राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर परेड समेत आने वाले दिनों में आपके आंदोलन के दौरान यही भावना बरकरार रहनी चाहिए।
मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर आपके ट्रैक्टर निकलने का दृश्य इस तथ्य का सूचक होगा कि भारतीय संविधान और हमारे गणतंत्र के सिद्धांतों पर कोई समझौता नहीं हो सकता और न ही इनको अलग किया जा सकता है।
शिअद की किसानों से अपील, परेड के दौरान शांति बनाए रखें
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर बादल ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ट्रैक्टर रैली का शांतिपूर्ण तथा अनुशासित संचालन ही किसानों के लिए जीत का रास्ता तय करेगा। उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि मंगलवार को ट्रैक्टर मार्च पूरी तरह से शांतिमय होगा। शांति हर किसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों ने संघर्ष में अब तक सराहनीय अनुशासन का प्रदर्शन किया है।
शिअद प्रधान ने कहा कि हजारों लोग दो महीने से विरोध कर रहे हैं। इतनी ज्यादा साजिशों के बावजूद यह अब तक का सबसे शांतिपूर्ण तरीके से किया गया विरोध है। सुखबीर ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि यह सुनिश्चित करें पुलिस तथा अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों कल मार्च में बेहद संवेदनशीलता तथा धैर्य के साथ निपटें। उन्होंने ने कल रैली में भाग लेने वाली पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे शांति के लिए सजग रूप से कार्य करें।