कैपिटल कॉम्प्लेक्स में सुविधाएं न मिलने की खबर प्रकाशित होने के बाद चंडीगढ़ प्रशासन और पर्यटन विभाग ने काम शुरू कर दिया है।
वीरवार को प्रशासन ने रात 10 बजे तक पर्यटकों के लिए पास उपलब्ध करवाए। साथ ही कैपिटल कॉम्प्लेक्स में पर्यटकों के लिए गाइड और टूरिस्ट पुलिस तैनात की।
वीरवार को रात तक 80 पर्यटक घूमने पहुंचे। चंडीगढ़ पर्यटन विभाग के निदेशक जितेंद्र यादव ने बताया कि 15 अगस्त तक कैपिटल कॉम्प्लेक्स लोगों के लिए खोला गया है। यहां पर लाइटिंग का काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। ओपन हैंड मॉन्यूमेंट के अलावा टावर ऑफ शैडो, ज्योमेट्रिकल हिल, हाईकोर्ट की बिल्डिंग की भी लाइटिंग हो रही है।
कैपिटल कॉम्प्लेक्स के बाहर बने टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन सेंटर के इंचार्ज दीपक ने बताया कि यहां आने वाले टूरिस्ट को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पडे़गा। 15 जुलाई को विश्व धरोहर का दर्जा मिलने के बाद प्रशासन ने इसे 15 अगस्त तक खोलने का फैसला किया है।