चंडीगढ़ सेक्टर-38 स्थित विवेक हाई स्कूल लगातार विवादों में है। पहले सातवीं क्लास के छात्र को प्रिंसिपल द्वारा थप्पड़ मारने का विवाद चल रहा था और अब स्कूल ने डेढ़ गुणा तक फीस बढ़ा दी है। इस मामले में शिक्षा विभाग जल्द ही नोटिस जारी कर पूछताछ करेगा।
सोमवार को विवेक हाई स्कूल प्रबंधन ने प्राइमरी सहित सभी कक्षाओं की ट्यूशन फीस में डेढ़ गुणा तक इजाफा करने का नोटिस जारी कर दिया। प्राइमरी कक्षा की तीन महीने की ट्यूशन फीस 15000 से बढ़ाकर 21500 रुपये कर दी गई है। यूकेजी से पहली क्लास में जाने वाले स्टूडेंट्स की ट्यूशन फीस सालाना 60 हजार से 86 हजार कर दी गई है।
यूटी शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों को सिर्फ 10 फीसदी तक फीस बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इस मामले में स्कूल द्वारा शिक्षा विभाग से भी अनुमति नहीं ली गई। उधर, विवेक हाई स्कूल प्रिंसिपल द्वारा छात्र को थप्पड़ मारने के मामले में चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स के सामने बुधवार को पेशी होगी। इस मामले में स्कूल प्रबंधन अपना पक्ष रखेगा।
उधर, विवेक हाई स्कूल द्वारा मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने के मामले में डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन रूबिंदरजीत सिंह बराड़ का कहना है कि जिला शिक्षा अधिकारी इस मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगी।