हेल्प डेस्क में जानकारी लेती हुई छात्राएं
पंजाब यूनिवर्सिटी में वीरवार को एडमिशन लेने वाले छात्रों की मदद के लिए हेल्प डेस्क की शुरूआत की गई। हेल्प डेस्क में दाखिले से संबंधित किसी प्रकार की इंक्वायरी की जा सकती है। हालांकि हेल्प डेस्क आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हेल्प डेस्क पर कोई कंप्यूटर नहीं रखा गया। लोगों को मैनुअल जानकारी दी जा रही है। जबकि सबसे अधिक इंक्वायरी पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में फार्म भरने को लेकर आई है।
हेल्प डेस्क पर आए अभिभावक परमजीत सिंह ने बताया कि वह अपनी बेटी के फार्म को भरने आए थे, लेकिन यह ऑनलाइन नहीं भरा जा सका है। हेल्पडेस्क की ओर से कोई मदद नहीं की जा सकी है। यहां पर बैठे एक्सपर्ट्स के पास कोई कंप्यूटर नहीं है। इस कारण एमएससी माइक्रो बायोलॉजी में दाखिले के लिए फार्म नहीं भरा जा सका है। इस कारण परेशानी आ रही है। मैं तीन दिन से इस फार्म को जमा कराने के लिए आ रहा हूं। सात जुलाई फार्म जमा कराने की अंतिम तिथि है।
अभी तक इसे जमा नहीं कराया जा सका है। वहीं दाखिले के लिए आए अमनदीप सिंह ने बताया कि वह भी माइक्रोबायोलॉजी में दाखिला लेना चाहते हैं। लेकिन जानकारी नहीं दी गई है। पीयू में बनाए गए हेल्पलाइन नंबर नहीं चल रहे हैं। डीएसडब्ल्यू इमैनुअल नाहर ने बताया कि स्टूडेंट्स को आने वाली परेशानी की समस्या को हल करने के लिए हेल्पडेस्क लगाई गई है। जो भी इसमें खामियां हैं, हम इसे अपडेट करेंगे।