28 सितंबर को नए डीएसडब्ल्यू चुने जाने को लेकर सीनेट की बैठक के चलते प्रभावित हो रहे पीयू शिक्षकों के प्रमोशन पर पुटा ने दूसरा रास्ता अख्तियार किया है। पुटा ने शिक्षकों के प्रमोशन के इंटरव्यू दूसरी तिथि में करवाने के लिए पुटा ने वीसी प्रो. राजकुमार को चिट्ठी लिखी है। वहीं दूसरी ओर शिक्षक पुटा के इस फैसले से नाराज हैं। उनका कहना है कि पुटा को इंटरव्यू 28 को ही कराने के लिए वीसी को कहना चाहिए था, न कि इंटरव्यू की तिथि आगे करवाने के लिए।
सीनेट की बैठक आगे करवाने के लिए वीसी से कहा जाता तो वह हाईकोर्ट में अपील करते और हाईकोर्ट में अनुरोध किया जाता तो शिक्षकों के लिए कुछ राहत मिलती। मालूम हो कि शिक्षकों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो पुटा की ओर से वीसी को चिट्ठी लिखी गई। पुटा की ओर से वीसी को लिखे पत्र में कहा गया है कि शिक्षकों के प्रमोशन महत्वपूर्ण है, लेकिन सीनेट की बैठक 28 को हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही है इसलिए प्रमोशन इंटरव्यू की तिथि जल्द दूसरी घोषित की जाए ताकि शिक्षकों को पता लग सके और वह अपनी तैयारियां आगे की कर सकें।
यह पत्र अन्य शिक्षकों को भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा है कि पुटा की ओर से यह पत्र लिखा जाना चाहिए था कि हाईकोर्ट में अपील करके देख ली जाए कि सीनेट की बैठक 28 की जगह दो से चार दिन आगे कर दी जाए। हाईकोर्ट की ओर से यदि सीनेट की तिथि आगे बढ़ती तो शिक्षकों के इंटरव्यू 28 को हो जाते अन्यथा प्रमोशन इंटरव्यू की तिथि आगे बढ़ा दी जाती। शिक्षकों का कहना है कि पत्र में इंटरव्यू डेट 28 की बजाय आगे तय करने की सिफारिश की गई है।