अमेरिकी समाचार पत्र और विश्व रिपोर्ट रैंकिंग-2019 में पीयू को विश्वविद्यालयों की सूची में पहला और टोटल नंबरिंग में तीसरा स्थान मिला है। पिछले साल भी पीयू को प्रथम स्थान हासिल हुआ था। पीयू को 44.5 अंक हासिल हुए हैं। वहीं, बेस्ट ग्लोबल यूनिवर्सिटी की सूची में 551वां स्थान पीयू ने हासिल किया है। उधर, देश के सबसे अच्छे विश्वविद्यालयों की सूची में भी पीयू को जगह मिली है।
इसके अलावा भौतिकी विभाग को भी भारत में पहला स्थान हासिल हुआ है। उधर, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को नौवां व दिल्ली विश्वविद्यालय को देश में दसवां स्थान हासिल हुआ है। उसके बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय व जादवपुर विश्वविद्यालय की रैंकिंग है। इस बार 1250 विश्वविद्यालय व संस्थानों की रैंकिंग की गई थी। इसमें आईआईएस बंगलूरू पहले स्थान पर आया।
दूसरे स्थान पर आईआईटी मुंबई रहा, जबकि तीसरे स्थान पर पीयू का नाम आया है। यह रैंकिंग 15 संकेतकों पर आधारित है, जिसमें ग्लोबल रिसर्च भी शामिल है। प्रतिष्ठा, क्षेत्रीय अनुसंधान, प्रकाशन, किताबें, सम्मेलन, सामान्य प्रभाव, उत्कृष्ट कार्य, अंतरराष्ट्रीय मेल-मिलाप आदि को भी रैंकिंग का आधार बनाया गया हैं।
इस उपलब्धि का श्रेय, स्टूडेंट-शिक्षक, कर्मचारियों व अन्य स्टाफ को जाता है। वह सब बधाई के पात्र हैं। उम्मीद है कि आगे भी ऐसे ही पीयू ऊंचाइयों को छूता रहेगा।
- प्रो. राजकुमार, वाइस चांसलर, पीयू