फीस बढ़ोतरी के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) कैंपस में एग्जामिनेशन फीस बढ़ोतरी को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया(एनएसयूआई) ने फीस बढ़ोतरी के खिलाफ पीयू के प्रशासनिक ब्लॉक के सामने जमकर नारेबाजी की।
करीब एक घंटे तक एनएसयूआई समर्थकों के विरोध के कारण पीयू कैंपस में जाम जैसी स्थिति बन गई। एनएसयूआई छात्रा नेता सिया मनोचा की अगुवाई में काफी संख्या में लड़कियों ने भी फीस बढ़ोतरी तुरंत वापिस लेने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
करीब 12 बजे एनएसयूआई समर्थकों ने प्रशासनिक ब्लॉक के साथ ही गेट नंबर एक से वीसी ऑफिस को जाती(टी प्वाइंट) सड़क और पीयू यूसोल और एसबीआई बैंक की ओर जाने वाली सड़क पर विद्यार्थियों ने चैन बनाकर वाहनों की एंट्री रोक दी। काफी देर तक पीयू कैंपस में गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गई।
सिया मिनोचा ने दी भूख हड़ताल पर बैठने की धमकी
फीस बढ़ोतरी के खिलाफ एनएसयूआई का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
एनएसयूआई नेता सिया मिनोचा ने बताया कि पांच दिन से स्टूडेंट्स भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन पीयू प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मनोचा ने कहा कि पीयू ने फीस में दो से तीन गुणा इजाफा कर दिया है,ऐसे में गरीब स्टूडेंट्स के लिए पीयू में पढ़ाई करना पाना अब मुमकिन नहीं है।
सिया ने कहा कि अगर पीयू प्रशासन ने फैसला वापिस नहीं लिया तो वह खुद भूख हड़ताल पर बैठेंगी। उधर डीएसडब्ल्यू प्रो.नवदीप गोयल के आश्वासन के बाद एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन बंद किया। डीएसडब्ल्यू ने कहा कि इस मामले में कमेटी गठित की जाएगी,जिसमें स्टूडेंट्स को भी शामिल किया जाएगा। पीयू की 9 अक्तूबर को होने वाली सीनेट में भी मामले को उठाया जाएगा।
फीस बढ़ोतरी के खिलाफ 5 अक्तूबर को पीयू बंद
फीस बढ़ोतरी के खिलाफ 5 अक्तूबर को पीयू बंद
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से एग्जामिनेशन और ट्यूशन फीस बढ़ोतरी फैसले के खिलाफ विरोध तेज होता जा रहा है। इस मामले में सभी छात्र संगठन एकजुट हो रहे हैं। स्टूडेंट्स फॉर सोसाइटी (एसएफएस) ने इस मामले में विरोध शुरू कर दिया है।
एसएफएस छात्र नेताओं के अनुसार 5 अक्तूबर को पीपीएसओ, एनएसयूआई और पीएसयू ललकार आदि छात्र संगठनों ने पीयू बंद में समर्थन देने का आश्वासन दिया है। फीस बढ़ोतरी से 192 एफिलिएटेड कॉलेजों के तीन लाख स्टूडेंट्स प्रभावित होंगे। ऐसे में एसएफएस ने पीयू बंद में कॉलेज विद्यार्थियों से भी समर्थन मांगा है। सभी कॉलेजों में एसएफएस छात्र नेता फीस बढ़ोतरी के खिलाफ समर्थन जुटा रहे हैं।