पंजाब यूनिवर्सिटी का 9वां वार्षिक रोज फेस्टीवल शुक्रवार से शुरू हो गया। इसकी शुरूआत डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. मीनाक्षी मल्होत्रा ने की। फेस्टिवल में कई किस्म के गुलाब तो सजाए ही गए हैं, वहीं मनोरंजन के लिए झूले और कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यक्रम के पहले दिन विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वहीं पहले दिन फलावर प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें सबसे ज्यादा 19 अवार्ड चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने जीते। जबकि सेंट सोल्जर स्कूल को 16 अवार्ड मिले। इस प्रतियोगिता में फुलों को अलग-अलग ढंग और किस्म से सजाया गया था।
इसके अलावा फोटोग्राफी प्रतियोगिता में पहला अवार्ड प्रमोद गोतम, दूसरा बरीरा और तीसरे स्थान पर अजितेश रहे। वहीं बैंड प्रतियोगिता में पीयू के अंकुर स्कूल ने बाजी मारी। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में दूसरे दिन डांस, मेहंदी, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के अलावा लाफ्टर शो होगा।
फेस्ट का समापन पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल नाइट के साथ होगा। इस बार फेस्टीवल को महकाने के लिए कलकत्ता से गुलाब की 10 नई वैरायटी मंगाई हैं, जिसमें डबल डिलाइट, क्लासिक कलकत्ता और पूसा पितांबर प्रमुख हैं। साढ़े तीन एकड़ में बने पीयू के प्रो.आरसी पाल रोज गार्डन में करीब 198 किस्म के पौधे हैं और इसमें अब कुछ नई किस्म भी उगाई गई हैं। पहले दिन फेस्ट में सैकड़े लोगों ने गुलाब की किस्मों का आनंद उठाया।