10वीं और 12वीं बोर्ड एग्जाम में नकर रोकने के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कमर कस ली है और स्कूलों के लिए बड़ा फरमान जारी किया है। इस बार फ्लाइंग स्क्वैड की संख्या घटाई जाएगी। उनकी जगह ऑब्जर्वर की संख्या बढ़ाकर उन्हें ज्यादा अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। बारहवीं की परीक्षा 18 फरवरी से 24 मार्च और दसवीं की 14-29 मार्च तक होनी है।
बारहवीं की परीक्षा में 318834 और दसवीं में 358545 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इनके अलावा दोनों कक्षाओं के री-अपियर वाले विद्यार्थी भी हैं। इस बार नकल रोकने के लिए ऑब्जर्वर एक सेंटर में प्रश्न पत्र के पैकेट की सील खोलने से लेकर उत्तर पुस्तिकाएं सील करने तक उसी सेंटर में रहेंगे। पहले वे एक सेंटर में पेपर की सील चेक करते, फिर दूसरे सेंटर में उत्तर पुस्तिकाओं की सील लगवाते थे।
इसके लिए बोर्ड 4512 ऑब्जर्वर तैनात करेगा। पर वे एक सेंटर में सिर्फ एक ही दिन रुकेंगे, अगले दिन उनका सेंटर बदल दिया जाएगा। फ्लाइंग स्क्वैड पहले ज्यादा होती थी, इस बार उसे छोटाकर दिया गया है। पहली बार फ्लाइंग स्क्वैड की बीट बनाई जाएगी। वे खास निर्धारित इलाकों में ही चेकिंग करेंगे, जिसका शेड्यूल पहले से बन जाएगा।