मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की फाइनल परीक्षाएं 15 जुलाई तक स्थगित करने का ऐलान किया है। हालांकि इस बारे में अंतिम फैसला यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) द्वारा जारी किए जाने वाले नए दिशा-निर्देशों पर आधारित होगा। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पिछले काफी समय से विद्यार्थी और उनके अभिभावक परीक्षाओं को लेकर चिंतित थे।
परीक्षाओं पर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। इसे ही दूर करने के लिए सीएम ने यह घोषणा की। मालूम हो कि यूजीसी द्वारा 29 अप्रैल को जारी किए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, पंजाब की यूनिवर्सिटियों ने जुलाई, 2020 में परीक्षाएं लेने का फैसला लिया था। उस समय यूजीसी ने एलान किया था कि वह स्थिति की फिर से समीक्षा करेगी। अब अकादमिक गतिविधियों खासकर परीक्षाएं करवाने के संबंध में यूजीसी के नए दिशा-निर्देशों का इंतजार है।
वहीं पंजाब यूनिवर्सिटी ने भी यही बात कही है कि परीक्षाओं की तिथि कोई घोषित नहीं की है। यूजीसी की गाइड लाइन का इंतजार किया जा रहा है।