पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (एनटीएसई, स्टेज-1) तिथियां घोषित कर दी हैं। परीक्षाएं 13 दिसंबर से आयोजित होंगी। परीक्षा में अनुसूचित जाति, जन जाति और विकलांग विद्यार्थियों को अंकों में छूट दी जाएगी। स्टेज-1 में पास होने वाले विद्यार्थियों को स्टेज -2 की परीक्षाओं में शामिल होने का मौका मिलेगा।
विभाग के प्रवक्ता के अनुसार डायरेक्टर स्टेट कौंसिल फॉर एजूकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) द्वारा साल 2020-21 के लिए ली जाने वाली इस परीक्षा के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है। यह परीक्षा 10 कक्षा में पढ़ते बच्चे दे सकते हैं। यह परीक्षा देने के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति और विकलांग विद्यार्थियों के 9वीं कक्षा में 55 प्रतिशत और अन्य श्रेणियों के 70 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
प्रवक्ता के अनुसार एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा लिए जाने वाली स्टेज-2 की परीक्षा पास करने वाले लगभग दो हजार विद्यार्थियों को एनसीईआरटी द्वारा वजीफा दिया जाएगा। 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को यह वजीफा 1250 रुपये प्रति महीना, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए 2000 रुपये प्रति महीना और दूसरी क्लासों के लिए यूजीसी के नियमों के अनुसार मिलेगा। इस वज़ीफ़े के लिए केंद्र सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार आरक्षण होगा।
प्रवक्ता के अनुसार इस परीक्षा के लिए आवेदन 8 अक्तूबर से दिया जा सकेगा और आवेदन देने के लिए आखिरी तारीख 2 नवंबर 2020 होगी। प्रवेश पत्र पहली दिसंबर को डाउनलोड किए जा सकेंगे। इस परीक्षा में बहुविकल्पीय 200 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न एक नंबर का होगा। इनमें से 100 प्रश्न मानसिक योग्यता और 100 विषयों से संबंधित होंगे। यह पेपर अंग्रेजी और पंजाबी माध्यम में होगा।