पंजाब यूनिवर्सिटी के हजारों कर्मचारी और प्रोफेसर के लिए राहत की खबर है। नई साल पर कर्मचारियों को अब वेतन मिलने की आस बंधी है। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) और एमएचआरडी अधिकारियों ने पीयू बजट की बकाया राशि जल्द जारी करने का आश्वासन दिया है।
पीयू को चालू सत्र 2016-17 के लिए मंजूर बजट का करीब 44 करोड़ मिलना बाकी है। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर वीरवार को यूजीसी चेयरमैन प्रो. वेदप्रकाश, एमएचआरडी सेक्रेटरी केके शर्मा, पीयू कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर सहित कई अधिकारियों की हाईपावर कमेटी की दिल्ली में महत्वपूर्ण मीटिंग हुई है।
जानकारी अनुसार कोर्ट के आदेश के बाद यूजीसी चेयरमैन ने पीयू कुलपति प्रो. अरुण ग्रोवर को वीरवार मीटिंग के लिए दिल्ली बुलाया था। सूत्रों के अनुसार काफी लंबी चली मीटिंग में पीयू प्रशासन ने आर्थित तंगी को लेकर मौजूदा और भविष्य की पूरी तस्वीर यूजीसी और एमएचआरडी अधिकारियों के सामने पेश कर दी।
कोर्ट के दखल के बाद ही यूजीसी ने भी पीयू के आर्थिक संकट को उबारने में गंभीरता दिखाई है। मीटिंग में पीयू कुलपति ने बजट के 44 करोड़ जारी करने की बात कही, जिस पर यूजीसी अधिकारियों ने जल्द सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।