पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) की रविवार को होने वाली सीनेट बैठक हंगामेदार रहने की आशंका है। 22 जुलाई को पीयू सिंडीकेट द्वारा एग्जामिनेशन फीस में बढ़ोतरी को लेकर सीनेट बैठक में हंगामे के पूरे आसार है। सीनेट की मंजूरी के बाद ही फीस में बढ़ोतरी हो सकेगी।
फीस को लेकर कई सीनेटर सिंडीकेट बैठक में भी विरोध दर्ज करा चुके हैं। आगामी सितंबर माह में होने वाले सीनेट चुनाव से पहले फीस बढ़ोतरी के फैसले को वापस करवाने के लिए कई सीनेटर पूरा जोर लगा देंगे। गौरतलब है कि पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट चुनाव में ग्रेजुएट कांस्टिटुवेंसी से करीब 15 सीटों पर उम्मीदवारों का चयन होता है। ऐसे में स्टूडेंट वोट को अपने पक्ष में करने के लिए रविवार को होने वाली सीनेट में फीस वृद्धि का कड़ा विरोध होगा।
सीनेट बैठक में कई ओर प्रस्तावों पर भी हंगामा हो सकता है। सीनेट एजेंडे में पीयू के म्यूजिक विभाग में कार्यरत प्रोफेसर नीलम पाल का मामला भी रखा जाएगा। इस मामले में चांसलर की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। ईवनिंग विभाग के प्रो.वीके चोपड़ा की रीइंप्लाइमेंट के मामले में भी जमकर हंगामा होने की संभावना है। पिछली सीनेट और दो सिंडीकेट में प्रो.चोपड़ा को रीइम्प्लाइमेंट देने से इंकार किया जा चुका है। इस मामले में भी वीसी ग्रुप और अशोक गोयल गुट में तकरार होने की उम्मीद है।