पंजाब यूनिवर्सिटी की नई सीनेट (2016-20) के लिए प्रिंसिपल ऑफ टेक्निकल कॉलेज और टेक्निकल कॉलेज स्टॉफ की निर्धारित छह सीटों का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इन सीटों के लिए 12 सितंबर को चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न कॉलेजों में मतदान हुआ था। टेक्निकल कॉलेज प्रिंसिपल कैटेगरी में सेक्टर-20 चंडीगढ़ स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन(जीसीई) प्रिंसिपल डॉ. हर्ष बत्रा (13 वोट) ने चुनाव में जीत हासिल की है।
सीनेट के लिए चुने गए दो अन्य प्रिंसिपलों में दशमेश गर्ल्स कॉलेज ऑफ एजुकेशन बादल, श्रीमुक्तसर साहिब की प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र सिंह सांघा(15 वोट) और गुरु रामदास बीएड कॉलेज जलालाबाद(फाजिल्का) की प्रिंसिपल सर्बजीत कौर(11 वोट) शामिल हैं। उधर, टेक्निकल स्टॉफ की तीन सीटों पर केनवे कॉलेज ऑफ एजुकेशन हनुमानगढ़ रोड (अबोहर) में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.विपुल कुमार नारंग (138 वोट), मालवा सेंट्रल कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वुमन (लुधियाना) से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गुरमीत सिंह (130) और सेक्टर-36 देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन चंडीगढ़ में असिस्टेंट प्रोफेसर नीरू मलिक (119) सीनेट सीट के लिए चुनी गई हैं।