पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट (2016-2020) की प्रोफेसर-असिस्टेंट-एसोसिएट चुनाव क्षेत्र की 4 सीटों के लिए सोमवार को मतदान संपन्न हो गया। पीयू स्थित लॉ ऑडिटोरियम, लुधियाना, होशियारपुर, कोनी और मुक्तसर रीजनल सेंटर में 5 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सीनेट में प्रोफेसर कैटेगरी की 2 और असिस्टेंट-एसोसिएट प्रोफेसर की 2 सीटों के लिए नवदीप गोयल-रोनकी राम (पीयू-डीएवी ग्रुप) और अशोक गोयल-केशव मल्होत्रा ग्रुप में जबर्दस्त मुकाबला है।
इन सीटों के बीच मुकाबले का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 98 फीसदी प्रोफेसर और 96 फीसदी असिस्टेंट-एसोसिएट प्रोफेसर ने अपने मत का प्रयोग किया है। चंडीगढ़ में बने पीयू लॉ ऑडिटोरियम में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। प्रोफेसर पद पर साइंस एंड इंजीनियरिंग चुनाव क्षेत्र से पूर्व पूटा प्रेसिडेंट प्रो. रजत संधीर को जीत का कड़ा दावेदार माना जा रहा है। मुकाबले में पीयू के प्रो. एसके तोमर चुनाव मैदान में हैं। आर्ट्स एंड कॉमर्स चुनाव क्षेत्र में प्रो. राजेश गिल और पूर्व पूटा प्रेसिडेंट प्रो. अक्षय कुमार के बीच कांटे की टक्कर है। प्रो. कर्मजीत सिंह और प्रो. गुरमीत सिंह ने भी चुनाव मैदान में जीत के लिए दांव खेला है।