पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने रविवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के सेक्टर-25 स्थित साउथ कैंपस में बने जाने माने गणितज्ञ प्रो. सर्वदमन चावला के नाम पर इंटरनेशनल हॉस्टल का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ सांसद किरण खेर भी मौजूद रहीं।
पंजाब यूनिवर्सिटी लाहौर में अपनी सेवाएं दे चुके प्रो. सर्वदमन के नाम पर बना यह इंटरनेशनल हॉस्टल पीयू का पहला ऐसा हॉस्टल बन गया है जहां 100 लोगों के रहने की व्यवस्था के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। इसमें कुछ कमरे कैंपस विजिट करने वाले इंटरनेशनल स्टूडेंट्स और फैक्लटी के लिए आरक्षित रखे गए हैं। उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि बिल्डिंग और सुविधाओं से कोई यूनिवर्सिटी बनती है।
लेकिन स्टूडेंट्स और एल्युमनी यूनिवर्सिटी को महान बनाते हैं। पीयू ने देश को ऐसे ही महान लोग दिए हैं। बदनौर ने एक्सचेंज प्रोग्राम बढ़ाने और एंडोमेंट फंड की सुविधा शुरू करने पर जोर दिया। पीयू की एल्युमनी और सांसद किरण खेर ने कहा कि जब वह पीयू में पढ़ती थीं तो कभी सोचा भी नहीं था कि यहां किसी चीज का उद्घाटन करने का मौका भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीयू की जिंदगी अपने आप में अलग थी। पीयू वीसी प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर ने इंटरनेशनल हॉस्टल पहुंचे सभी मेहमानों का स्वागत किया। पीयू के पूर्व वीसी प्रो. आरपी बांभा ने स्टूडेंट के तौर पर प्रो. सर्वदमन चावला के साथ अपने अनुभव साझा किए। प्रशासक बदनौर ने इस मौके पर मौखिक हिस्ट्री प्रोजेक्ट और वेबसाइट को भी लांच किया।