पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस के सभी हॉस्टल अगले सत्र से ऑनलाइन अलॉट किए जाएंगे। पीयू प्रशासन और स्टूड़ेंट काउंसिल सदस्यों की मीटिंग में इस संबंध में समझौता हो गया। पीयू के सभी 20 हॉस्टल अब मेरिट के आधार पर अलॉट किए जाएंगे। पीयू में हर साल करीब 6 हजार लड़के और लड़कियों को हॉस्टल अलॉट किए जाते हैं।
सोमवार पंजाब यूनिवर्सिटी डीएसडब्ल्यू प्रो. इमैनुअल नाहर, कई हॉस्टल वार्डन और पीयू स्टूडेेंट काउंसिल प्रधान निशांत कौशल और सचिव आशिक मोहम्मद की उपस्थित में मीटिंग हुई। काउंसिल ने मीटिंग में हॉस्टल अलॉटमेंट दिक्कतों को हल करने का प्रस्ताव रखा। डीएसडब्ल्यू प्रो. इमैनुअल नाहर ने काउंसिल को आश्वासन दिया है कि आगामी सत्र से पीयू हॉस्टल की अलॉटमेंट ऑनलाइन करने की तैयार शुरू कर दी गई है। काउंसिल प्रधान निशांत के अनुसार पहले चरण में सभी हॉस्टल स्टूडेंट का रिकार्ड ऑनलाइन किया जाएगा। पीयू के सभी विभागों से इस संबंध में रिकार्ड मांगा जाएगा।
काउंसिल सचिव आशिक मोहम्मद के अनुसार पीयू प्रशासन ने अगले सत्र से हॉस्टल फीस भी ऑनलाइन करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्टूडेंट देश के किसी भी हिस्से से ऑनलाइन ही फीस जमा कर सकेंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हॉस्टलर को साल में सिर्फ दो बार ही फीस जमा करनी होगी। जबकि पहले हर तीन से चार महीने बाद फीस जमा करनी होती थी।
हॉस्टल में बढ़ेंगी सुविधाएं
पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कैंपस के सभी हॉस्टल की हालत ठीक करने के निर्देश दिए है। काउंसिल द्वारा सभी कॉमन रूम में अगले सत्र तक एअर कंडीशन और बाथरूम की रिपयेर की मांग की है। खाने की क्वालिटी सुधारने के लिए भी नई कमेटी गठित की जाएगी। पीयू हॉस्टलों के आसपास ब्यूटीफिकेशन किया जाएगा।