पंजाब यूनिवर्सिटी कमेटी एंगेस्ट सेक्सुअल हरासमेंट (पीयूकैश) सेलेक्शन कमेटी के लिए जिन नामों का प्रस्ताव सेलेक्शन कमेटी ने किया था, उसको वीसी प्रो. राजकुमार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। साथ ही यह भी तय किया है कि फिलहाल इसकी सुनवाई में देरी न हो इसलिए पुरानी कमेटी को ही जिम्मेदारी दे दी जाए। इस प्रस्ताव को 16 अक्टूबर को होने जा रही सिंडिकेट की बैठक में ले जाया जाएगा और वहीं मुहर लगाई जाएगी। दूसरी ओर नई कमेटी को भी पास करवाने के लिए कुछ लोगों की ओर से ताकत लगाई जा रही है।
अमर उजाला ने इस पूरे खेल का खुलासा किया था, वीसी ने गंभीरता से लेकर नई कमेटी का प्रस्ताव टाल दिया। सूत्रों का कहना है कि पीयूकैश कमेटी के लिए जो नाम नामित किए गए हैं उसके पीछे कई राज हैं। साथ ही सुनियोजित तरीके से यह कमेटी बनाई जा रही है। जैसे ही सेलेक्शन कमेटी का खेल सार्वजनिक हुआ तो कमेटी कटघरे में आ गई। सेलेक्शन कमेटी ने जिन नामों का प्रस्ताव तैयार किया उनमें से कुछ नाम ऐसे थे जो खुद ही विवादों में रहे। यही नहीं शुक्रवार को कुछ शिक्षकों ने फोन करके भी आपत्तियां दायर की हैं।
इसके बाद वीसी प्रो. राजकुमार ने इस प्रस्ताव को टाल दिया है। जानकारों का कहना है कि पीयूकैश सेलेक्शन कमेटी ने ऐसा खेल क्यों किया, इसकी भी जांच होनी चाहिए। यदि उसमें से किसी भी सदस्य का स्वार्थ उजागर होता है तो आगे से ऐसे नामों को कमेटियों में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा किया गया तो पीयू में एक अलग संदेश जाएगा और अन्य शिक्षक जो कमेटियों में शामिल किए जाएंगे वह अच्छा कार्य करेंगे।
पीयूकैश को लेकर कई शिकायतें पहुंची
पीयूकैश सेलेक्शन कमेटी का खेल जैसे ही सार्वजनिक हुआ तो शिकायतें वीसी के पास आना शुरू हो गई हैं। उन्होंने साफ कहा है कि सेक्सुअल हरासमेंट के प्रकरणों की जांच करने वाली यह कमेटी निर्विवादित होनी चाहिए। साथ ही किसी व्यक्ति का कमेटी में कोई स्वार्थ नहीं होना चाहिए। यह कमेटी आने वाले प्रकरणों के आधार पर किसी का भी भविष्य तय करेगी यानी संबंधित व्यक्ति कार्रवाई करेगी।