सरकारी स्कूलों में कार्यरत 2266 टीचर्स के लिए बड़ी खुशखबरी। सरकार ने इन्हें दो बड़े तोहफे दिए हैं। प्रमोशन और साथ में पसंदीदा स्टेशन। पंजाब के सरकारी स्कूलों का स्तर ऊंचा उठाने और गुणात्मक शिक्षा के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सरकार ने 2266 अध्यापकों को पदोन्नत कर लेक्चरर बनाया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि 18 विभिन्न विषयों के अध्यापकों को लेक्चरर पदोन्नत कर सूची विभाग की वेबसाइट पर डाल दी गई है।
जल्द ही इन पदोन्नत लेक्चररों को मोहाली स्थित पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में बुलाकर उन्हें पसंदीदा स्टेशन अलाट किए जाएंगे। नए पदोन्नत लेक्चररों का वेतन स्केल 10,300-34,800+5400 ग्रेड पे होगा। डॉ. चीमा ने बताया कि विभाग की ओर से नई भर्ती के साथ पदोन्नतियों का कार्य तेजी से पूरा किया गया है। विभाग की ओर से लेक्चरर के तौर पर 2266 अध्यापक पदोन्नत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जो अध्यापक पदोन्नत नहीं हो पाए हैं, उसका कारण भी वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।
पंजाबी विषय के 520, अर्थशास्त्र के 289, राजनीति शास्त्र के 241, अंग्रेजी के 233, फिजिकल एजूकेशन के 195, इतिहास के 170, फिजिक्स के 135, केमिस्ट्री के 130, बायॉलोजी के 91, हिन्दी के 86, गणित के 62, कामर्स के 59, भूगोल के 24, संगीत के 11, समाज विज्ञान के 9, फाइन आर्ट्स के 5, संस्कृत व होम साइंस के 3-3 लेक्चरर पदोन्नत किए गए हैं। ये पदोन्नतियां 14 जनवरी 2016 तक के रिकार्ड अनुसार की गई हैं।
यदि 14 जनवरी से 30 जून 2016 तक किसी भी ऐसे अध्यापक ने लेक्चरर के लिए पदोन्नत की योग्यता हासिल की हो या वह अपने विषय में पदोन्नत हुए अंतिम अध्यापक से सीनियर हो तो वह आठ जुलाई 2016 तक सरकारी माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल फेज तीन बी -1 मोहाली में अपना रिकार्ड जमा करवा सकता है। विभाग की ओर से इन अध्यापकों के केस पर विचार किया जाएगा।