शहर के 70 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में 1 दिसंबर से एंट्री लेवल पर दाखिले का दौर शुरू होने जा रहा है। इन स्कूलों में 10 हजार से अधिक बच्चों को नर्सरी और केजी स्तर की कक्षाओं में दाखिला दिया जाएगा।
लेकिन, अभिभावकों के लिए अभी से चिंता शुरू हो गई है। शहर के प्राइवेट स्कूलों में एंट्री लेवल पर ही दाखिले की फीस 30 हजार से 1.50 लाख तक है। अभिभावकों को फीस में इस बार कुछ राहत मिल सकती है।
प्राइवेट व कॉन्वेंट स्कूल इस बार मनमर्जी से फीस बढ़ोत्तरी नहीं कर सकेंगे। इस बार शिक्षा विभाग प्राइवेट स्कूलों की फीस पर पूरी नजर रखेगा। कॉमन एडमिशन शेड्यूल में शिक्षा विभाग ने पहले ही सभी स्कूलों को फीस के बारे में पूरी जानकारी अभिभावकों को देने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग ने सभी प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों को 10 फीसदी से अधिक फीस नहीं बढ़ाने का निर्देश जारी करने की तैयारी कर ली है। सभी प्राइवेट स्कूलों को लकी ड्रा से पहले शिक्षा विभाग को 2015 और 2016 के फीस स्ट्रक्चर की पूरी जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के पास लिखित में भेजनी होगी।